Breaking News

पुलिस के डर से बीवी के पेटीकोट से ढंका पति ने चेहरा

26 Jul, 2020 1277

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना से बचने के लिए सरकारी दिशा निर्देश में सबसे आवश्यक मास्क को बताया गया है, बावजूद कुछ लोग इसकी गंभीरता का मज़ाक उड़ाने से बाज नहीं आते. एक ऐसे ही शख्स ने पुलिस के डर से मास्क के बदले बीवी की पेटीकोट से अपने मुंह को ढक लिया। दमोह जिले के बांदकपुर में जब बिना मास्क लगाए घूम रहे एक युवक को टोका, तो घबराहट में युवक ने झोले में रखा पत्नी का पेटीकोट ही अपने चेहरे पर बांध लिया। प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह दमोह जिले की पुलिस भी सोशल डिस्टेंसिंग और लोगों को चेहरे पर मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मैदान में उतरी हुई है। रविवार सुबह जिले के बांदकपुर कस्बे में पुलिस के जवान इसी कोशिश के दौरान मास्क चेक कर रहे थे। उसी दौरान एक युवक बिना मास्क के बाजार में खरीदारी करते दिखा। पुलिस ने उससे जैसे ही बिना मास्क के घूमने की वजह पूछी और ऐसी स्थिति में लगने वाले जुर्माने के बारे में बताया, तो युवक घबरा गया। उसने जल्दी से अपने बैग में हाथ डाला और पत्नी के लिए खरीदा गया पेटीकोट बाहर निकालकर उसे ही चेहरे पर बांध लिया। युवक को ऐसा करते देख पुलिसकर्मी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। हालांकि पुलिस ने उसे रेडीमेड मास्क लगाने या चेहरे को गमछे से ढंकने की सलाह भी दी। गौरतलब है कि कोरोना का संक्रमण लगातार लोगों को शिकार बना रहा है, ऐसे में मास्क न लगाना खतरे से खाली नहीं है.

अन्य खबरे