Breaking News

महाकुंभ में मची भगदड़, 17 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत ?

29 Jan, 2025 484

प्रयागराज के महाकुंभ मेले में मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा है। संगम नगरी में करीब 8-10 करोड़ लोग मौजूद हैं। वहीं महाकुंभ मेले में बुधवार तड़के भगदड़ मच गई थी। संगम नोज पर स्नान करने को श्रद्धालु इस कदर बेताब थे कि वे बैरिकेडिंग फांदने लगे। इसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई। इस भगदड़ में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए, वहीं 17 से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई गई है। सीएम योगी से लेकर पीएम मोदी तक की महाकुंभ मेले पर नजर है। वहीं भगदड़ हादसे के बाद सभी तीर्थयात्रियों से विनम्र आग्रह किया जा रहा है कि संगम की ओर आने की कोशिश ना करें। अन्य घाटों पर स्नान करें और अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना के बाद लखनऊ में एक उच्च स्तरीय बैठक की. इस बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के प्रमुख सचिव और अपर पुलिस महानिदेशक समेत सीनियर अफसर मौजूद थे। 
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा-श्रद्धालु संगम पर ही स्नान करने की न सोचें। गंगा हर जगह पवित्र है, वे जहां हैं उसी तट पर स्नान करें।


महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर मची भगदड़ को लेकर पीएम मोदी ने जताया दुख, उन्होंने ट्वीट कर कहा,'प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है. इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं.'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि वीआईपी कल्चर और सरकार की बदइंतजामी के कारण भगदड़ मची। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- महाकुंभ को सेना के हवाले कर देना चाहिए। 


 

अन्य खबरे