Breaking News

यूपी के 75 में से 40 जिलों में स्थिति बिगड़ी, होगी कड़ी कार्रवाई

19 Apr, 2020 927

संवाददाता/in24 न्यूज़।
कोरोना का खौफ लगातार  है. देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में शनिवार को 140 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इसके बाद यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1017 हो गई हैं। शासन ने राज्य के 75 में से 40 जिलों में लॉकडाउन की स्थिति को असंतोषजनक पाया है। इन जिलों में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।  पुलिस और प्रशासन के बीच तालमेल गड़बड़ था, जिसकी वजह से गौतमबुद्धनगर में कोरोना संक्रमण बढ़ गया। नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां के जिलाधिकारी को हटा दिया, लेकिन अफसरों ने सबक नहीं लिया। हैरत की बात है कि जब सरकार इतनी गंभीरता और सख्ती बरत रही है, तब 75 में से 40 जिलों की स्थिति असंतोषजनक मिली है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने पत्र लिखकर अधिकारियों को लॉकडाउन का पालन कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।  अवनीश कुमार अवस्थी ने लखनऊ व गौतमबुद्धनगर के  पुलिस कमिश्नर के अलावा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस कप्तानों को पत्र लिखकर लॉकडाउन के बाद कानून-व्यवस्था व कोरोना वायरस के प्रसार की स्थिति के आधार पर किए गए मूल्यांकन से अवगत कराया है। पत्र के साथ जिलावार सूची भी भेजी गई है, जिसमें 40 जिलों में लॉकडाउन की स्थिति को असंतोषजनक बताया गया है।  संबंधित जिलों के अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने जिले की स्थिति का अध्ययन करते हुए जिले से संबंधित टिप्पणी के आधार पर लॉकडाउन का और कठोरता से पालन कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। जिलों में लॉक डाउन का यह मूल्यांकन कोरोना पीड़ितों की संख्या, जमातियों की संख्या, पुलिस पर हमले की घटनाओं, स्वास्थ्य व राजस्व टीम पर हमले की घटनाओं तथा अवैध शराब की बिक्री से जुड़े मामलों के आधार पर किया गया है।

अन्य खबरे