विश्व नर्स दिवस पर कोरोना के सामने डट कर खड़ी नर्सों को सलाम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत डॉक्टर के बाद आज विश्व नर्स दिवस पर कोरोना जैसी महामारी के बीच जिस हिम्मत से नर्स जान पर खेलकर अपनी सेवा दे रही है, उनकी जितनी तारीफ की जाए काम है. ऐसे में बस उन्हें सलाम ही किया जा सकता है. पूरे विश्व में हर साल 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। नोबल नर्सिंग सेवा की शुरूआत करने वालीं फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के जन्मदिन पर दुनिया भर की नर्सों को यह दिन समर्पित है। मानवीय मूल्यों को ध्यान में रखते हुए बिना भेदभाव के हर मरीज की सेवा करना ही नर्स का काम होता है। नर्सिंग दुनिया भर में स्वास्थ्य रखरखाव से संबंधित सबसे बड़ा पेशा है। लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने में नर्सों का बड़ा योगदान होता है। इस वक्त जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है तो स्वास्थ्यकर्मी ही एक मजबूत दीवार बनकर खड़े हुए हैं। दिनरात बिना अपनी परवाह किए स्वास्थ्यकर्मी मरीजों का इलाज कर रहे हैं। डॉक्टर के सुझाव पर सभी बड़े अस्पताल में काम करने वाली नर्सें मरीजों की देखभाल कर रही हैं और उनके अंदर इस भावना को भी जगा रही हैं कि वह इस महामारी से जल्द ठीक हो जाएंगे। कोरोना के कहर के बीच स्वास्थ्यकर्मी लगातार ड्यूटी कर रह हैं। खासकर नर्सें अपने घर-परिवार से दूर, बच्चों को बिना देखे 15-15 दिन अस्पताल में काम कर रही हैं। ऐसी ही एक नर्स ने अपनी दिल की बात साझा की। गोरखपुर की बीआरडी कॉलेज में तैनात एक नर्स ने बताया कि वह 24 अप्रैल से 9 मई तक आइसोलेशन वॉर्ड में ड्यूटी कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इन 15 दिनों में कोरोना हमसे सिर्फ कुछ कदम की दूरी पर था। ऐसा लगता था कि वह कभी भी इसकी चपेट में आ सकते हैं, लेकिन फिर भी फर्ज सबसे ऊपर था। घर पर दो छोटे-छोटे बच्चे उनके आने का इंतजार करते रहते थे। फिर भी उन्होंने परिवार से ऊपर अपना पेशा रखा और मरीजों की दिनरात सेवा की। अमेरिका के स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण विभाग के एक अधिकारी डोरोथी सुदरलैंड ने पहली बार नर्स दिवस मनाने का प्रस्ताव 1953 में रखा था। पहली बार इसे साल 1965 में मनाया गया था। जनवरी, 1974 में 12 मई को अंतरराष्ट्रीय दिवस के तौर पर मनाने की घोषणा की गई। इसी दिन यानी 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्म हुआ था।