Breaking News

सूरत में बिहार जाने वाले युवक की हत्या

13 Oct, 2018 1605

संवाददाता/in24न्यूज़।     

गुजरात में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. उत्तरभारतीयों का पलायन जारी है. इसी कड़ी में बिहार के गया के रहने वाले एक युवक की गुजरात के सूरत में कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में रह रहे उत्तर भारतीयों में दहशत का माहौल है। अमरजीत नाम का युवक सूरत के पंडेश्वरा इलाके में एक कंपनी में काम करता था और शुक्रवार की रात वो अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही उसे कुछ लोगों ने घेर लिया और  लोहे के रॉड से उसपर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अमरजीत सूरत में तकरीबन डेढ़ दशकों से रह रहा था। उसने अपनी मेहनत के दम पर वहां अपना घर भी बना लिया था और अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। 


अमरजीत के पिता एक सेवानिवृत सैनिक हैं। उनका आरोप है कि गुजरात में बिहारियों के खिलाफ बने गलत माहौल के कारण उनके बेटे की हत्या हुई है। उन्होंने बिहार, गुजरात और केंद्र सरकार से मांग की है कि इस हिंसा को रोकने के लिए जल्द ही जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि आगे से ऐसी घटना न हो। 

जबकि इस घटना पर सूरत पुलिस का कहना है कि यह भीड़ हिंसा की घटना नहीं है, बल्कि युवक की मौत एक सड़क हादसे में हुई है। 

गौरतलब है कि गुजरात में हाल ही में एक 14 महीने की बच्ची से रेप के मामले में बिहार के एक युवक को पकड़ा गया था। इस घटना के बाद गुजरात के लोगों में बढ़े गुस्से ने हिंसा का रूप ले लिया है, जिसकी वजह से उत्तर भारतीयों पर लगातार हमले हो रहे हैं।  

अन्य खबरे