Breaking News

इग्नू का 39वां दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ संपन्न, हजारों छात्रों का सपना पूरा !

07 Apr, 2026 312

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केंद्र मुंबई का 39वाँ दीक्षांत समारोह आज अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मुंबई विश्वविद्यालय के कलीना परिसर स्थित राजीव गांधी केंद्र केंम सभागार में आयोजित 39वें दीक्षांत समारोह में छात्रों ने उपाधियाँ ग्रहण कीं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवीन्द्र दत्तात्रय कुलकर्णी के साथ मुंबई क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. राहुल मिश्र ने छात्रों को उपाधियाँ प्रदान कीं।

मुंबई क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों की 2887 उपाधियाँ प्रदान की गईं। मुंबई क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत बीए आनर्स हिंदी के एक छात्र को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इग्नू के नई दिल्ली स्थित मैदान गढ़ी मुख्यालय में दिया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय मुख्यालय से किया गया, जिसे मुंबई क्षेत्रीय केंद्र में उपस्थित सभी अतिथियों, कर्मचारियों और छात्रों ने देखा।

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. राहुल मिश्र ने उपधि प्राप्त करने वाले सभी स्नातकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इग्नू ने न केवल देश के दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक शिक्षा पहुँचाई है, बल्कि डिजिटल माध्यमों के जरिए शिक्षण को और अधिक सुलभ बनाया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नई शिक्षा नीति के तहत कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिसमें इग्नू की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रो. रवींद्र कुलकर्णी ने अपने दीक्षांत भाषण में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग ज्ञान और तकनीक का युग है, जहाँ केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ें। प्रो. कुलकर्णी ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि इग्नू समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कार्यरत पेशेवरों, गृहिणियों और ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए इग्नू द्वारा प्रदान किए जा रहे अवसरों की प्रशंसा की।

दीक्षांत समारोह में क्षेत्रीय केंद्र के विभिन्न छात्र सहायता केंद्रों के समन्वयक, सह समन्वयक सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। क्षेत्रीय केंद्र के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. पी. नंबूदिरीपाद ने स्वागत वक्तव्य दिया और डॉ. मिलिंद पाटील ने धन्यवाद वक्तव्य दिया।समारोह में लगभग दो सौ विद्यार्थियों के साथ ही उनके परिवार के लोग व अन्य परिचित उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

अन्य खबरे