Breaking News

अब फीचर फोन वाले भी कर सकेंगे डिजिटल भुगतान

08 Mar, 2022 696
संवाददाता/ in24 न्यूज़
फीचर फोन यूज करने वालों के लिए खुशखबरी है, अब फीचर फोन वाले भी बिना इंटरनेट के डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मंगलवार को इस नई सेवा की शुरुआत की, जिसका नाम ‘123पे’ है, जो यूपीआई आधारित है. इस यूपीआई के जरिए करीब 40 करोड़ लोग से अधिक फीचर फोन या सामान्य मोबाइल फोन उपयोगकर्ता सुरक्षित तरीके से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। यह सेवा साधारण फोन पर भी काम करेगी।
 
दास ने मंगलवार को डिजिटल भुगतान के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की गई, जिसे भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने तैयार किया है। ‘डिजीसाथी’ नाम की इस हेल्पलाइन की मदद वेबसाइट – ‘डिजीसाथी डॉट कॉम’ और फोन नंबर – ‘14431’ और ‘1800 891 3333’ के जरिए ली जा सकती है।
 
उन्होंने कहा, इस सेवा के जरिए उपयोगकर्ता दोस्तों और परिवार को धन भेज सकते हैं, विभिन्न उपयोगिता बिलों का भुगतान कर सकते हैं और वाहनों के फास्ट टैग को रिचार्ज करने तथा मोबाइल बिलों का भुगतान करने की सुविधा भी इसमें मिलेगी।

आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि अब तक समाज के निचले तबके के लोग यूपीआई का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं, इसकी सेवाएं मुख्य रूप से स्मार्टफोन पर ही उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 में अब तक यूपीआई लेनदेन 76 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 41 लाख करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है, जब कुल लेन-देन का आंकड़ा 100 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।


एक अनुमान के मुताबिक देश में करीब 40 करोड़ लोग सामान्य फीचर वाले मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। डिप्टी गवर्नर टी रविशंकर ने कहा कि इस समय यूपीआई सेवाएं यूएसएसडी-आधारित सेवाओं के जरिए ऐसे उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन यह काफी बोझिल है और सभी मोबाइल परिचालक ऐसी सेवाओं की अनुमति नहीं देते हैं।
 

अन्य खबरे