गौतम अडानी को लगा फिर बड़ा झटका
संवाददाता/in24 न्यूज़।
एकबार फिर मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी (Gautam Adani) को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद गौतम अडानी की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। शुक्रवार को अडानी ग्रुप के शेयरों में 20 फीसदी तक की तगड़ी गिरावट आई, जिससे एक ही दिन में उनके नेटवर्थ में करीब 20 अरब डालर (एक लाख 60 हजार करोड़ रुपए) का नुकसान हुआ है। गौतम अडानी का नेटवर्थ अब घटकर 98.5 अरब डालर रह गया है। इसी के साथ अडानी अरबपतियों की लिस्ट में चौथे स्थान से खिसक कर सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। बता दें कि लंबे समय के बाद अडानी की संपत्ति 100 अरब डालर के नीचे आई है। फोर्ब्स के रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी अब दुनियाभर के अरबपतियों की लिस्ट में सातवें नंबर पर आ गए हैं। अडानी से पहले अब बिल गेट्स छठे स्थान, वॉरेट बफेट पांचवें और लैरी एलिसन चौथे स्थान पर आ गए हैं। इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस, दूसरे नंबर पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और पहली पोजीशन पर बर्नार्ड अरनॉल्ट हैं। अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्चकी 32,000 शब्दों की रिपोर्ट ने अडानी ग्रुप पर कारपोरेट दुनिया की सबसे बड़ी धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर शेयरों को मनिप्यूलैशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए अडानी समूह ने कानूनी कार्रवाई पर विचार करने की बात कही है।