अब केरल का नाम होगा केरलम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में अनेक स्थानों के नाम बदलने के क्रम में अब नया नाम केरल का आया है जिसका नाम अब जल्द ही केरलम होगा। राज्य का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव बुधवार को विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित हो गया है। यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पेश किया, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार से भारत के संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में राज्य का नाम बदलकर केरलम करने का आग्रह किया है। इस प्रस्ताव को कांग्रेस के नेतृत्व वाली विपक्षी यूडीएफ ने किसी संशोधन या बदलाव का सुझाव दिए बगैर स्वीकार कर लिया। इसके बाद, अध्यक्ष एएन शमसीर ने हाथ उठाकर दिए गए समर्थन के आधार पर इसे विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव घोषित किया। प्रस्ताव पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को मलयालम में केरलम कहा जाता है लेकिन अन्य भाषाओं में यह अब भी केरल ही है। बता दें कि इससे पहले भी अनेक शहरों के नाम बदले जा चुके हैं।