अम्फान भी देश में तबाही मचाने को तैयार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना ने जहां महामारी का रूप ले लिया है वहीं अब चक्रवाती तूफान अम्फान भी देश में तबाही मचाने को तैयार है. मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अम्फान आने वाले कुछ घंटों में विकराल रूप लेने वाला है. जिसके चलते अम्फान भयंकर रूप ले लेगा. बता दें कि बीते छह घटों में ये 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है. बता दें कि चक्रवाती तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अक्षांश 15.2°N और देशांतर 86.6°E पर बताया जा रहा है. अभी ये पश्चिम बंगाल की खाड़ी से 570 किलोमीटर दूर ओडिशा के परादीप और पश्चिम बंगाल के दीघा से 720 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में और बांग्लादेश के खेपूपारा में 840 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में स्थित है.मौसम विभाग के मुताबिक, शक्तिशाली तूफान अम्फान के बंगाल के उत्तर-पश्चिमी खाड़ी के पार उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और पश्चिम बंगाल के दीघा और बांग्लादश के हटिया द्वीप तटों को पार करने की संभावना है. बताया जा रहा है कि 20 मई की दोपहर या शाम तक यह चक्रवाती तूफान 165-175 किलोमीटर की रफ्तार से बढ़कर 275 किलोमीटर की रफ्तार में सबसे विकराल रूप में आ सकता है.फिलहाल इस चक्रवाती तूफान को अब आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में मौसम विभाग लगातार ट्रैक कर रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ओडिशा के तटों पर भारी नुकसान होने की भी आशंका जताई है. खतरे की आशंका के चलते सरकार ने 11 लाख लोगों को ओडिशा के तटीय इलाकों से सुरक्षित इलाकों में भेजा गया गया है.