आईसीएमआर का दावा, कोरोना रोधी टीके से मृत्यु दर में गिरावट
ब्यूरो रिपोर्ट/in24 न्यूज़
कोरोना रोधी टीके की वजह से अस्पताल में भर्ती रोगियों की मृत्यु दर में काफी गिरावट आई है नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी आईसीएमआर ने ऐसा दावा किया है. देश के 42 से भी ज्यादा अस्पतालों में भर्ती 30 हजार से अधिक कोरोना मरीजों पर हुए अध्ययन में यह जानकारी दी गयी है कि भर्ती रोगियों की मृत्यु दर 39 प्रतिशत से घट कर 14 फीसदी तक हो गई. जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती लगभग 29,509 मरीजों को अध्ययन के लिए चयनित किया गया और जब इन सभी वयस्क कोरोना संक्रमित रोगियों का विश्लेषण किया गया, तो पता चला कि 15 हजार 678 यानि 53.1% रोगियों में कम से कम एक सह रुग्णता थी. वहीं, 25715 रोगियों में कोरोना संक्रमण के लक्षण थे, जिनमें सबसे आम यानी 72.3 फीसदी रोगियों में बुखार, 48.9 फीसदी रोगियों को सांस लेने में कठिनाई और 45.50 फीसदी को सूखी खांसी के लक्षण थे. अध्ययन के दौरान इनमें से लगभग 3957 मरीजों की मौत हुई है जिसे 14.50 फीसदी मृत्यु दर के रूप में दर्शाया गया है.