आज से दफ़्तर लौटे मोदी सरकार के कुछ मंत्री
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन के खत्म होने से एक दिन पहले मोदी सरकार के कई मंत्रियों ने आज से दफ्तरों से काम करना शुरू किया है| लॉकडाउन का मौजूदा चरण 14 अप्रैल (मंगलवार) को खत्म होना है| हालांकि, इसके बढ़ने के संकेत दिए जा रहे हैं| सूत्रों ने शनिवार को जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सभी मंत्रियों से सोमवार से दफ्तर आने के लिए कहा गया है| इससे पहले, ज्यादातर मंत्री घर से काम कर रहे थे| इसी क्रम में आज से दफ्तर ज्वाइन करने वाले खेल एवं युवा मामलों के मंत्री किरण रिजिजू भारतीय खेल प्राधिकरण पहुंचे| उन्होंने कहा कि केवल वरिष्ठ अधिकारी और जरूरी स्टाफ ही आज से कार्यालय आएंगे| हम कोरोना वायरस से जुड़ी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे| देश में कोरोना वायरस संक्रमण रोकने की चुनौती के बीच केंद्र सरकार अब जान भी-जहान भी रणनीति के तहत सरकारी कामकाज को पटरी पर लाने की क़वायद में जुट गई है| रविवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक की थी| इसके बाद पीएम मोदी ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने के संकेत दिए| हालांकि, अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कुछ क्षेत्रों और मामले में ढील देने पर भी विचार किया जा रहा है| सूत्रों के अनुसार, पीएमओ की ओर से केंद्र सरकार के सभी मंत्रियों से कहा गया था कि वे सोमवार से अपने-अपने कार्यालयों में जाना शुरू कर दें| सभी मंत्री दफ्तरों से काम करेंगे| दफ्तरों में काम करते समय सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान रखने के लिए भी कहा गया है| संयुक्त सचिव से ऊपर के स्तर के सभी अधिकारियों को दफ्तर जाने के लिए कहा गया है| नीचे के स्तर के कर्मचारी रोटेशन पर आएंगे| इस बीच, लॉकडाउन हटाने के लिए कई चरणों में काम शुरू हो गया है|