Breaking News

आतंकी हमले के खतरे से चौकन्नी हुई दिल्ली पुलिस

04 Nov, 2021 658

संवाददाता/in24 न्यूज़।  
आज पूरा देश दिवाली मना रहा है। लेकिन इसी बीच देश की राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ी दी गई है। खुफिया अलर्ट के मुताबिक आतंकी राजधानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी अनहोनी घटना को अंजाम दे सकते हैं। खुफिया अलर्ट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस के जवानों को राजधानी के ऐसे इलाकों में तैनात कर दिया गया है, जहां भीड़ भाड़ अधिक होती है। आतंकी हमले के अलर्ट के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने अहम जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया है। दरअसल, खुफिया एजंसियों के अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है। जानकारी के मुताबिक, दिवाली के मौके पर आतंकियों द्वारा भीड़ भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाया जा सकता है। इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 14 सितंबर को पाकिस्तान स्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था और साथ ही सात संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार भी किया था, जो त्योहार के इस मौसम में देश में आतंकी हमले करने की योजना बना रहे थे। आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं। गौरतलब है कि भारतीय खुफिया एजेंसियों को पहले भी यह जानकारी मिली थी कि देश में त्योहारों के मौके पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई बड़ा हमला करा सकती है। इस खतरे को देखते हुए राजधानी दिल्ली की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बता दें कि सुरक्षा के बाद ही त्यौहार मनाने का माहौल बनता है।

अन्य खबरे