ईडी ने ड्राइवर के घर से बरामद किए करोड़ों रुपए
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) को छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक ड्राइवर के घर से पांच करोड़ रुपए कैश मिला है। ये पैसा इतना सारा था कि ईडी को रकम गिनने में छह घंटे लग गए। रकम गिनने के लिए एजेंसी को स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) से मशीन तक मंगानी पड़ी। ईडी को शक है कि ये पैसा महादेव एप का हो सकता है। ये पैसे कांग्रेस पार्षद के पूर्व ड्राइवर के घर से मिले तो कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी हो गया। जानकारी के मुताबिक, हाउसिंग बोर्ड औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार शाम ईडी की टीम ने एक ड्राइवर के घर पर दबिश दी लेकिन छापे के दौरान जब घर बंद मिला तो गवाहों के समक्ष पंचनामा बनाकर घर का ताला तोड़ा। ईडी की टीम जब घर के अंदर घुसी तो करोड़ों रुपए की रकम खंडहर नुमा मकान में दीवान पलंग और वॉशरूम के कमोड में मिली। वहीं की एक युवती सिमरन को गवाह के तौर पर ईडी टीम ने अपने साथ रखा हुआ था। जिस मकान में छापा मारा गया था वह वाहन चालक असीम दास उर्फ बप्पा का बताया जाता है। असीम दास पूर्व में एक कांग्रेसी पार्षद का ड्राइवर रह चुका है। फिलहाल यह रकम महादेव एप की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रकम पांच करोड़ से भी अधिक हो सकती है। फिलहाल इस संबंध में कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं है। स्थानीय पुलिस को भी इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। बता दें कि ईडी की इस टीम का नेतृत्व एक महिला अधिकारी कर रही थीं। ईडी की इस छापेमारी कार्रवाई में एक महिला अफसर समेत सात आधिकरी शामिल थे। बताया जा रहा है कि बप्पा दास पेशे से ड्राइवर है और ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी संचालित करता है। ऐसे में उसके पास से इतनी बड़ी रकम का मिलना हैरान करने वाला है। ईडी को आशंका है कि ये पैसा ऑनलाइन सट्टा ऐप का है जिसे चुनाव में खर्च करने के लिए रखा गया था। इस छापेमारी के बाद ईडी ने ड्राइवर के घर को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू है।