एक जून से राशन कार्ड पर मुफ्त गेहूं मिलना होगा बंद
संवाददाता/in24 न्यूज़.
यदि आपके पास राशन कार्ड है और आप उससे अनाज लेते हैं तो आपके लिए सरकार की तरफ से एक नई जानकारी दी गई है. बता दें कि सरकार की तरफ से राशन कार्ड धारकों को मिलने वाली फ्री गेहूं और चावल पर बड़ा फैसला लेते हुए बदलाव किया गया है. केंद्र सरकार की तरफ से किए गए इस बदलाव के बाद करोड़ों राशन कार्ड धारकों को एक जून से फ्री गेहूं मिलना बंद हो जाएगा. अगर आपके पास भी राशन कार्ड है तो इस जानकारी से आपका अपडेट रहना जरूरी है. बता दें केंद्र सरकार की तरफ से राज्यों को पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गेहूं और चावल दिया जाता है. केंद्र से मिलने वाले राशन को राज्य राशन कार्ड धारकों में बांटते हैं. इसके तहत पात्र राशन कार्ड धारकों को 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल दिया जाता है. दरअसल, मोदी सरकार ने गेहूं की कम खरीद के कारण गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मई से सितंबर तक आवंटित होने वाले गेहूं के कोटे को घटा दिया है. इस बदलाव के बाद तीन राज्यों यूपी, बिहार और केरल के गेहूं नहीं मिलेगा. इसके अलावा दिल्ली, गुजरात, झारखंड, एमपी, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के गेहूं के कोटे में भी कमी की गई है. बता दें कोरोना काल में गरीबों के लिए मुफ्त अनाज की व्यवस्था की गई थी.