Breaking News

कोरोना में गिरावट आने से सरकार ने ली राहत की सांस

25 Apr, 2020 841

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कष्ट और मजबूरी के बीच जल्द ही कोरोना वायरस के संक्रमण के कम होने से अच्छे दिन की कल्पना की जा सकती है. धीरे-धीरे देश में कोरोना के खिलाफ सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का असर दिखना शुरू हो गया है।दरअसल शुक्रवार से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक कोरोना के सिर्फ 6 फीसदी नए मामले सामने आए हैं। भारत में रोजाना 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे है। नए मामलों में गिरावट आने से सरकार ने थोड़ी राहत की सांस ली है। हलांकि  पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के संक्रमण के मामले 24,942 हो गए हैं। अब तक 5210 मरीजों को इलाज के बाद ठीक किया जा चुका है। वहीं 779 लोगों की जान जा चुकी है। सरकार ने शनिवार को कहा कि देश में कोविड-19 मामलों के दोगुना होने की औसत दर फिलहाल 9.1 दिन है। वहीं शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक , देश में नये मामलों की वृद्धि दर छह प्रतिशत दर्ज की गई है, जो देश के 100 मामलों का आंकड़ा पार करने के बाद से प्रतिदिन के आधार पर सबसे कम वृद्धि दर है। कोविड-19 पर उच्चाधिकार प्राप्त मंत्रिसमूह (जीओएम)की 13 वीं बैठक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई। जीओएम को कोविड-19 संक्रमण के मामलों का इलाज कर रहे विशेष अस्पतालों का राज्यवार ब्योरा दिया गया। साथ ही, पृथक बिस्तर एवं वार्ड, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट), एन 95 मास्क, दवाइयां, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य की उपलब्धता की भी जानकारी दी गई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आज की तारीख तक, एक लाख से अधिक किट और एन 95 मास्क देश में प्रतिदिन बन रहे हैं। अभी देश में पीपीई के 104 स्वदेशी विनिर्माता और एन 95 मास्क के तीन विनिर्माता हैं। इसमें कहा गया है कि इसके अलावा स्वदेशी विनिर्माताओं के जरिये वेंटिलेटर का उत्पादन भी शुरू हो गया है और नौ विनिर्माताओं को 59,000 से अधिक इकाइयों के लिये आर्डर दिये गये हैं। मंत्रालय ने कहा कि जीओएम को इस बात से अवगत कराया गया कि अभी (कोरोना वायरस संक्रमण से) मृत्यु दर 3.1 प्रतिशत है जबकि (संक्रमित) मरीज के संक्रमण मुक्त होने की दर 20 प्रतिशत से अधिक है, जो कि ज्यादातर देशों की तुलना में बेहतर है और इसे देश में लॉकडाउन और निषिद्ध क्षेत्र घोषित करने की रणनीति के सकारात्मक प्रभाव के तौर पर देखा जा सकता है।

अन्य खबरे