कोरोना का टीका लगानेवाली टीम पर हमला, टीका से दहशत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना काल में टीकाकरण के परिणाम के बाद अनेक लोगों के अंदर टीका को लेकर दहशत है. इसी बीच मध्य प्रदेश में पुलिस ने सोमवार को कहा कि लोगों के एक समूह ने उज्जैन के मलिकेड़ी गांव में एक मेडिकल टीम पर कथित तौर पर हमला किया, जब उन्होंने ग्रामीणों को कोरोना के खिलाफ टीकाकरण के लिए मनाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार टीकाकरण के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की एक टीम गांव में थी. एडिशनल पुलिस सुपरिंटेंडेंट आकाश भूरिया ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों को गालियां भी दीं और चिकित्सा सचिव के पति को भी मारा. भूरिया ने संवाददाताओं से कहा कि कुछ ग्रामीणों ने उन्हें गालियां दीं और सहायक सचिव के पति के सिर पर प्रहार किया. घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. भूरिया ने कहा कि टीकाकरण के लिए तैयार नहीं होने वाले ग्रामीणों को मनाने के लिए मेडिकल टीम पहले भी गांव का दौरा कर चुकी है. पुलिस ने कहा कि संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं. बता दें कि एक रिपोर्ट के अनुसार बाराबंकी के जिला मुख्यालय से 70 किमी दूर तराई में स्थित सिसोदा गांव में 1500 लोग रहते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वो नदी में कूद गए क्योंकि कुछ लोगों ने उन्हें बताया था कि ये कोई टीका नहीं है, बल्कि एक जहरीला इंजेक्शन है. लोगों को नदी से बाहर निकालने में काफी मशक्कत भी करनी पड़ी. यानी अब भी अनेक स्थानों पर टीकाकरण को लेकर दुविधा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.