कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन आज से शुरू
वैश्विक बीमारी कोविड-19 से दुनियाभर के देशों की जंग जारी है. सभी देशों ने कोरोना से निपटने के लिये वैक्सीन की तैयारियां पूरी कर ली है. भारत में भी कोरोना वायरस की वैक्सीन के उपयोग को मंजूरी देने के साथ ही आज शनिवार से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ड्राई रन शुरू होने जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इससे पहले देश के चार राज्यों के दो-दो जिलों में वैक्सीनेशन टीकाकरण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए ड्राई रन किया गया था. ड्राई रन सभी राज्यों की राजधानी में कम से कम तीन साइट पर होगा. बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र और केरल संभवत अपनी राजधानी से अन्य बड़े शहरों में ड्राई रन करेंगे. ड्राई रन के दौरान यह देखा जाएगा कि टीकाकरण के लिए लोगों का ऑनलाइन पंजीकरण, डाटा एंट्री, लोगों के मोबाइल पर मैसेज भेजने और टीका लगने के बाद इलेक्ट्रॉनिक प्रमाण पत्र जारी करने में कोई परेशानी तो नहीं आ रही.
मॉकड्रिल का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी निरीक्षण करेंगे. पहला कमरा प्रतीक्षालय की तरह काम करेगा, यहां वैक्सीन लगवाने वाले लोगों का पंजीकरण होगा. यहां आने वाले व्यक्ति की आईडी के मिलान के लिए अलग-अलग डेस्क के साथ ऑफिसर तैनात किए गए हैं, तो वहीं छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए टीका लगाने की तैयारी जोरों पर चल रही है. राजधानी रायपुर में कोरोना वैक्सीन विमान द्वारा लाई जाएगी. बताया जा रहा है कि वैक्सीन की पहली खेप मुंबई से रायपुर आने की संभावना है. रायपुर में स्वास्थ्य अधिकारीयों ने वैक्सीन को पूरे प्रदेश में सुरक्षित रखने तथा दूसरी जरूरी तैयारियां कर ली हैं. दूसरे कमरे में वैक्सीन लगाई जाएगी, यहां वैक्सीनेटर ऑफिसर टीका लगाएंगे. वैक्सीन रखने के लिए डीप फ्रीजर की व्यवस्था भी इसी रूम में होगी, जबकि तीसरे कमरे में वैक्सीन देने के बाद व्यक्ति को आधे घंटे के लिए बैठाकर यह देखा जाएगा कि कहीं कोई साइड इफेक्ट तो नहीं दिख रहा है. सभी टीकाकरण बूथ इसी तर्ज पर तैयार होंगे. कुल मिलाकर कोरोना के खतरे को समाप्त करने की कोशिश अंतिम चरण में है.