गंगा आरती के लिए बनेंगे 1100 चबूतरे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मां गंगा की आरती जब बनारस के घात पर शुरू होती है तो वहां एक अलग माहौल बनता है. इस आरती में देश और विदेश के लोग शामिल होकर इसका लाभ लेते हैं. अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने निर्णय लिया है कि आरती के लिए 1100 चबूतरे और बनाए जायेंगे. बता दें कि योगी सरकार बिजनौर से लेकर बलिया तक मां गंगा आरती के लिए गंगा किनारे 1100 चबूतरे बनवाने जा रही है. मोक्ष दायिनी गंगा मां के भव्य स्वागत के लिए योगी सरकार पूरे राज्य में उनकी आरती उतारने जा रही है. इसके लिए योगी सरकार बिजनौर से लेकर बलिया तक काशी और प्रयागराज समेत करीब 1100 स्थानों पर चबूतरे बनवाने जा रही है. इसके लिए सरकार ने बिजनौर से बलिया तक गंगा के दोनों किनारों पर बसे 1038 गांवों को चुना है. योगी सरकार की योजना के तहत बिजनौर से लेकर बलिया तक गंगा नदी के 5 किलोमीटर के दायरे में दोनों किनारों पर नए आरती स्थलों का निर्माण किया जाएगा. पर्यटन विभाग के सहयोग से योगी सरकार यह प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. जन सहभागिता के आधार पर नए आरती स्थलों को संचालित किया जाएगा. रोज तय समय पर आरती चबूतरों पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा. इन 1038 गांवों में गंगा घाट का निर्माण कर उन्हें धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. योगी सरकार ने गंगा के 5 किलोमीटर के दायरे में बसे इन गांवों में धर्मार्थ भवन निर्माण के निर्देश भी दे दिए हैं. पिछले साल दिसंबर महीने में जल शक्ति मंत्रालय की बैठक में इन गांवों में प्राचीन और ऐतिहासिक धर्म स्थलों तथा मंदिरों का विकास कर उन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं. उत्तर प्रदेश में गंगा नदी के प्रवेश करने के साथ ही बिजनौर जिले से शुरू होने वाली आरती की यह श्रृंखला बलिया जिले में गंगा तट पर बसे यूपी के आखिरी गांव तक जाएगी. सबसे खास बात यह है कि गंगा आरती को गांव और कस्बों से जोड़कर योगी आदित्यनाथ की सरकार गंगा स्वच्छता अभियान को सबसे बड़े जन आंदोलन का रूप देना चाहती है. इसके अलावा मां गंगा की आरती में हामिल होने वालों के लिए यह अपने आप में एक बड़ा विकल्प भी साबित होगा.