Breaking News

गुलाबी ठंड ने दी बिहार में दस्तक़

22 Oct, 2021 738

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
हल्की और मध्यम बारिश से  बिहार के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। इससे सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोग अब हल्की ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल भी करने लगे हैं । इससे यही लग रहा है कि बिहार में ठंड ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को पिछले 72 घंटों के दौरान 28.6 एमएम बारिश होने के बाद पटना में दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हुई है। इस दौरान रात का पारा 20 अगस्त के बाद अपने न्यूनतम स्तर पर 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य के बराबर था। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पश्चिम हिस्से पर स्थित चक्रवाती हवा शिफ्ट होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपरी हिस्से पर सक्रिय है । इसका असर बिहार के उत्तरी-पूर्वी और उत्तरी-मध्य हिस्से पर नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया सहित 14 जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की आशंका जताई है। हालांकि, पटना, गया सहित 24 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। बता दें कि देश के कुछ शहरों में अभी भी गर्मी बनी हुई है। बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई गर्मी से बेहाल है।

अन्य खबरे