चक्रवात तूफ़ान गुलाब से बढ़ा ओडिशा और आंध्र प्रदेश में ख़तरा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान गुलाब में बदल गया है जिसके आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। इसी के साथ देशभर में एक बार फिर से मौसम बदल सकता है और कहीं कहीं भारी और कहीं मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक़ उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए चक्रवात गुलाब को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चक्रवात गुलाब तेज हो रहा है और इससे तेज हवाएं चलेंगी और तटीय इलाकों में भारी बारिश होगी। आईएमडी कोलकाता के निदेशक जीके दास के मुताबिक दक्षिण बंगाल में 28-29 सितंबर को विशेष रूप से भारी वर्षा और हवा के मामले में मौसम की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 28 सितंबर को कोलकाता, उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, हावड़ा, हुगली में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं आईएमडी के तूफान चेतावनी प्रभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के पश्चिम की ओर बढ़ने और रविवार शाम को उत्तरी आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तन और दक्षिणी ओडिशा के गोपालपुर तट के बीच से गुजरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों में सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है और यह ताकतवर होकर चक्रवाती तूफान गुलाब में तब्दील हो गया है। चक्रवात गुलाब के मद्देनजर उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के लिए तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि बहुत खराब मौसम होने की चेतावनी ऑरेंज अलर्ट के रूप में दी जाती है और इस दौरान सड़क और रेल यातायात बंद होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका होती है। भारतीय मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमाशंकर दास के मुताबिक, चक्रवर्ती तूफान के तहत आंध्र प्रदेश और ओड़िशा के लिए चेतावनी जारी की गई है. अनुमान है कि चक्रवात गुलाब दक्षिण ओड़िशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके कलिंगापटनम के पास 26 सितंबर की शाम को लैंडफॉल करेगा। आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय मोहपात्र ने बताया कि चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवा चलने का अनुमान है। ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान गुलाब के मद्देनजर सात जिलों- गजपति, गंजम, रायगढ़ा, कोरापुट, मल्काजगिरि, नबरंगपुर और कंधमाल को हाई अलर्ट पर रखा गया है क्योंकि भारत के मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान बनने का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक तूफान दक्षिणी ओडिशा और पड़ोसी आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। चक्रवात गुलाब को देखते हुए अगले तीन दिनों के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में मछुआरों को 25 से 27 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उत्तरपूर्वी क्षेत्र में समुद्र में जाने से मना किया गया है ताकि किसी भी तरह के खतरे से बचा जा सके।