चाचा नेहरू को पीएम समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज बाल जयंती है और देश आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर नमन कर रहा है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अनेक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर शांतिवन में श्रद्धांजलि अर्पित की। नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि आज भारत अपने पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती मना रहा है। एक विशाल दूरदर्शी जिन्होंने हमारे देश की नींव भाईचारे, समतावाद और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ रखी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि इन मूल्यों को बचाए रखें। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेहरू को नमन किया। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। अरुणाचल प्रदेश के स्पीकर पसांग दॉरजी सोना ने ट्वीट किया कि बाल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह दिन भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की का भी स्मरण कराता है। बता दें कि नेहरू को बच्चो से विशेष लगाव था यही वजह है कि बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे.