चीन से तनाव के बाद अरुणाचल में उड़ान भरेंगे एयरफोर्स के फाइटर जेट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में भारत और चीन (China) के बीच पैदा हुए तनाव के बीच आज से भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) पूर्वोत्तर में युद्धाभ्यास शुरू कर रही है. भारत पूर्वोत्तर में ऐसे समय में युद्धाभ्यास करने जा रहा है जब तवांग में भारत और चीन की सेनाओं के बीच झड़प के बाद दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया है. इस दौरान भारतीय वायुसेना की पूर्वी कमान दो दिन तक युद्धाभ्यास करेगी. ये एक्सरसाइज असम और अरुणाचल प्रदेश समेत उत्तर पूर्व के सभी राज्यों के वायु क्षेत्र में की जाएगी. इसे लेकर वायुसेना ने नोटम यानी नोटिस टू एयरमैन जारी कर दिया है. बता दें कि ये युद्धाभ्यास तवांग में हुई सैनिकों की झड़प से पहले ही तय किया जा चुका था, लेकिन इस दौरान अरुणाचल प्रदेश से सटी एलओसी पर आज से दो दिन तक भारतीय वायुसेना की ताकत को देखा जा सकेगा.जानकारी के मुताबिक, वायुसेना ने 8 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश और असम में होने वाली इस एक्सरसाइज के लिए नोट जारी किया था. इस नोटम के जरिए अरुणाचल प्रदेश और असम की एयर स्पेस में उड़ान को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिससे सिविल फ्लाईट्स और सिविल एटीसी को इस दौरान (15-16 दिसंबर) लड़ाकू विमानों की अधिक उड़ान को लेकर अलर्ट जारी किया जा सके. गौरतलब है कि इस युद्धाभ्यास को लेकर भारतीय वायुसेना और शिलॉन्ग (मेघालय) स्थित पूर्वी कमान ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि पूर्वी कमान के सभी एयरबेस इस एक्सरसाइज में भाग ले सकते हैं. इनमें असम के तेजपुर, झाबुआ और जोरहाट एयर बेस के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा इस एक्सरसाइज में बंगाल के हासिमारा और कलाईकुंडा और अरुणाचल प्रदेश की एडवांस लैंडिंग स्ट्रीप मुख्यत: हिस्सा लेंगे. बता दें कि तेजपुर एयरबेस पर भारतीय वायुसेना के सुखोई फाइटर जेट तैनात रहते हैं वहीं हासिमारा में राफेल लड़ाकू विमानों की स्कावड्रन तैनात है. वहीं जोरहाट में अपाचे हेलीकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की तैनाती रहती है. शुक्रवार और शनिवार को होने जा रहे इस युद्धाभ्यास में हेलीकॉप्टर और मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भी भाग लेंगे. इसके अलावा युद्धाभ्यास में वायुसेना के एयर डिफेंस सिस्टम भी हिस्सा ले सकते हैं. बता दें कि चीन के मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष हंगामा कर चुका है.