चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का किया ऐलान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक पांच राज्यों में सात नवंबर से वोटिंग शुरू हो जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनावी कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि तेलंगाना, राजस्थान मध्य प्रदेश और मिजोरम में एक ही चरण में चुनाव होंगे। वहीं, नक्सल प्रभावित राज्य छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। मिजोरम में जहां सात नवंबर को चुनाव होगा तो वहीं तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को वोटिंग होगी और राजस्थान में 23 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं छत्तीसगढ़ में वोटिंग सात और 17 नवंबर को होगी। इन पांचो राज्यों में मतदान तो अलग-अलग तारीखों को होगा, लेकिन चुनाव परिणाम तीन दिसंबर को एक साथ ही आएंगे। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही चुनाव आयोग ने इन चुनावों की तैयारी का विस्तार से ब्यौरा दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पांच राज्यों में 679 निर्वाचन सीटों पर चुनाव होंगे। 16.1 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 8.2 करोड़ से ज्यादा पुरुष मतदाता होंगे और 7.5 महिला मतदाता हैं। इसके साथ ही यहां इस बार 60 लाख से ज्यादा नए मतदाता वोट करेंगे। पीवीटीजी आदिवासियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बता दें कि केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा के बाद चुनावी गहमागहमी में अब तेज़ी देखने को मिलेगी।