Breaking News

छत्तीसगढ़ में ईडी को मिली सोना के अवैध कारोबार की जानकारी

07 Aug, 2022 581

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इनदिनों लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी मेंअब छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबारियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच जारी है। ईडी के अधिकारियों को जांच में अब तक सोना के अवैध कारोबार के बारे में जानकारी मिली है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि म्यामार और बांग्लादेश का सोना पश्चिम बंगाल के रास्ते छत्तीसगढ़ तक पहुंचा है। डायरेक्टर आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआइ) की टीम ने वर्ष 2021 में राजनांदगांव के सराफा कारोबारी पर अवैध तरीके से सोना खरीदने के मामले में कार्रवाई की थी। उस समय भी म्यामार से सोना लाने की पुष्टि हुई थी। ईडी के सूत्रों की मानें तो जांच में दायरे में आए सभी 12 कारोबारियों का आपस में कनेक्शन है और ये कारोबारी मिलकर अवैध तरीके से लाए गए सोने को प्रदेश में खपाने का काम करते थे। इसका भुगतान हवाला के माध्यम से होता था। सोना को कच्चे में खरीदकर पक्के में दिखाने का काम चार्टर्ड एकाउंटेंट की टीम करती थी, इसलिए उनको भी जांच के दायरे में लिया गया है। ईडी के आला अधिकारियों ने बताया कि कारोबारियों के ठिकानों की जांच में दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इसके आधार पर पश्चिम बंगाल में कार्रवाई की जाएगी। ईडी की टीम रायपुर सहित दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद के सराफा कारोबारियों की जांच कर रही है। इनमें सहेली ज्वेलर्स, नवकार ज्वेलर्स, सुमित ज्वेलर्स, पगारिया ज्वेलर्स, नाकोड़ा टेक्सटाइल प्रमुख हैं। सीए सुनील जैन, राजेंद्र कोठारी, कारोबारी प्रकाश सांखला व मदन जैन के ठिकानों पर जांच चल रही है। स्टील-पावर प्लांटों पर छापे में मिले गड़बड़ी के दस्तावेज इधर आयकर विभाग का बीते चार दिनों से स्टील और पावर प्लांट कारोबारी समूहों के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है, जो शनिवार देर रात तक भी पूरी नहीं हो पाई। आयकर अधिकारियों द्वारा कारोबारी समूहों के संचालकों के साथ ही उनके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। रविवार दोपहर तक कार्रवाई पूरी होने की उम्मीद है। बता दें कि ईडी ने अपनी कार्यशैली से भ्रष्टाचारियों में हड़कंप मचा दिया है। देश के कई अन्य भ्रष्टाचारी और घोटालेबाज ईडी के निशाने पर आनेवाले हैं। 

अन्य खबरे