जम्मू कश्मीर में जवानों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनाई दीपावली !
04 Nov, 2021
708
संवाददाता/in24 न्यूज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल दीपावली के मौके पर भारतीय जवानों के बीच रहते हैं. इसी तरह इस बार भी दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा में पहुंचे. नौशेरा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने सबसे पहले शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और उसके बाद भारतीय जवानों के साथ दीपावली की खुशियां मनाई. पीएम मोदी ने सभी जवानों के साथ बातचीत कर उनका हालचाल जाना. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जवानों के साथ बातचीत करने के लिए उत्साहित नजर आए, तो वही मौके पर मौजूद भारतीय सेना के जवान भी उनकी उपस्थिति से बेहद खुश दिखाई दिए. पीएम मोदी ने सेना के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि, यह उनका वह परिवार है, जिसके साथ उन्होंने अपनी हर दीपावली मनाई है. उन्होंने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारतीय सेना के जवानों के साथ दीपावली त्यौहार मना रहे हैं. भारतीय सेना के जवानों का जोश बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि यह जवान यहां पर सीमा से सटे रहते हैं और किसी भी परिस्थिति से मुकाबला करने के लिए वह हमेशा डटे रहते हैं, इसी वजह से पूरा देश चयन की नींद सो पाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी जवानों को देश का सुरक्षा कवच बताया.
जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना के जवानों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भी पिछली सरकारों पर तंज कसा. पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों की नजरों में पहले देश के जवानों के लिए जब हथियार खरीदने होते थे, तब हमेशा उन्हें दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया जा रहा है और देश के अंदर ही अत्याधुनिक हथियार बन रहे हैं. भारतीय सेना में महिला की बढ़ती भागीदारी पर भी पीएम मोदी ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि, अब एनडीए और दूसरे मिलिट्री स्कूलों में भी लड़कियों को पूरा मौका दिया जा रहा है और आर्मी में भी अब उनकी सक्रियता काफी ज्यादा बढ़ गई है इसी वजह से देश की सेना की पहचान पूरी दुनिया में और ज्यादा सशक्त हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्व के साथ कहा कि भारत आज से हजार साल पहले भी अमर था और आने वाले हजार साल भी अमर ही रहने वाला है. पीएम मोदी का यह वही अंदाज था, जो हर दीपावली पर दिखाई देता है. यह उनका वह जोश है, जो वह हर साल जवानों के साथ साझा करते हैं. इससे पहले पीएम मोदी ने दीपावली पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी. पीएम ने ट्वीट किया कि दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं ! मेरी कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए.