Breaking News

डब्ल्यूएचओ कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष होंगे भारत के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन

20 May, 2020 759

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
पूरी दुनिया कोरोना वायरस से लड़ रही है. साथ ही भारत को वह उम्मीद भरी नज़रों से देख रही है. यह भारत के लिए बेहद गौरवपूर्ण और सम्मान की बात है कि वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन का जिम्मा इसे मिला है. भारत के स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्षता करेंगे. कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में 22 मई को कार्यभार संभालेंगे. डॉ. हर्षवर्धन जापान के डॉ. हिरोकी नाकातानी की जगह लेंगे जो वर्तमान में 34-सदस्यीय डब्ल्यूएचओ कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य असेंबली में भारत के प्रतिनिधित्व पर 194 देशों ने हस्ताक्षर किए. हालांकि इस पद पर उनकी नियुक्ति का निर्णय एक औपचारिकता है क्योंकि डब्ल्यूएचओ के दक्षिण-पूर्व एशिया समूह ने पिछले साल सर्वसम्मति से निर्णय लिया था कि भारत को तीन साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी बोर्ड के लिए पहले चुना जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि हर्षवर्धन का चयन 22 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन की कार्यकारी बोर्ड की बैठक में किया जाएगा. क्षेत्रीय समूहों के बीच अध्यक्ष का पद एक वर्ष के रोटेशन के तहत होता है और यह पिछले साल तय किया गया था कि शुक्रवार से शुरू होने वाले पहले वर्ष के लिए भारत का उम्मीदवार कार्यकारी बोर्ड का अध्यक्ष होगा. यह पूर्णकालिक कार्य नहीं है और डॉ. हर्षवर्धन को कार्यकारी बोर्ड की बैठकों की अध्यक्षता करनी होगी. कार्यकारी बोर्ड 34 देशों से बना है जो तकनीकी रूप से स्वास्थ्य के क्षेत्र में योग्य हैं. बोर्ड साल में कम से कम दो बार बैठक करता है और मुख्य बैठक आम तौर पर जनवरी में होती है, स्वास्थ्य सभा के तुरंत बाद मई में दूसरी छोटी बैठक होती है. इस बार डब्ल्यूएचओ में सबसे अहम चर्चा का विषय कोरोना वायरस महामारी है. दुनिया के लगभग 62 देशों ने वर्ल्ड हेल्थ असेंबली में कोरोना वायरस उत्पत्ति की जांच की मांग करने का प्रस्ताव रखा है. इन देशों में भारत भी शमिल है. इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य सभा ने अपने एजेंडे में कोरोना महामारी से निपटने पर मीटिंग बुलाई है.

अन्य खबरे