Breaking News

तीन दिन बाद निर्भया के कातिलों की होगी फांसी

17 Mar, 2020 945

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज से तीसरे दिन निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटका दिया जाएगा।  बता दें कि पूरा देश इन नराधमियों को फांसी पर लटकाए जाने का इंतज़ार कर रहा है. तिहाड़ जेल में बंद निर्भया के चारों कातिलों की फांसी में महज तीन दिन बाकी हैं। 20 मार्च की सुबह 5:30 बजे चारों को फांसी पर लटका दिया जाएगा। तिहाड़ जेल प्रशासन ने उन्हें फांसी के तख्ते पर लटकाने की प्रक्रिया एक बार फिर से तेज कर दी है। आज जल्लाद पवन डमी को फांसी देगा। इसे लेकर सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारी फांसीघर का मुआयना करने पहुंचे। उनके साथ जेल के अधिकारी भी थे। इस दौरान फांसीघर की सफाई के साथ प्लेटफार्म का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारी करीब एक घंटे तक फांसीघर का मुआयना करते रहे। गौरतलब है कि फांसी की तारीख नजदीक आते ही तिहाड़ जेल में निर्भया के चारों दोषियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। दोषियों की हर हरकत से जेल के आला अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। जेल अधिकारी लगातार चारों दोषियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सुरक्षा के साथ-साथ दोषियों के स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर भी जेल अधिकारियों की नजरें पैनी हैं। जेल में उनकी सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दिया गया है। दिन में एक बार उन्हें जेल से बाहर निकाला जाता है। इस दौरान उनके साथ तमिलनाडु पुलिस के दो जवान रहते हैं। चारों दोषियों को एक साथ जेल से बाहर नहीं निकाला जाता है। जेल में रहने के दौरान भी दोषियों पर तमिलनाडु पुलिस के जवान उन पर निगरानी रखते हैं। दोषियों की हर हरकत से अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। फांसी की तारीख नजदीक आने के बाद दोषियों की बेचैनी बढ़ गई है। इसलिए उनके स्वास्थ्य को लेकर भी जेल अधिकारी गंभीर है। दिन में दो बार उनका मेडिकल चेकअप किया जा रहा है और फिर उनकी काउंसलिंग की जा रही है। इससे पहले दोषी विनय ने फांसी की तारीख नजदीक आने पर दीवार में सिर पटककर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। काउंसलिंग के दौरान उसे शांत रहने की सलाह दी जा रही है।

अन्य खबरे