Breaking News

तीन बड़े सड़क हादसों से कांपा यूपी, 32 जिंदगियां हुए खत्म, मची चीख-पुकार

02 Oct, 2022 522

संवाददाता/in24न्यूज़ 

उत्तर भारत का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश शनिवार की रात 3 बड़े हादसों से दहल गया. तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कई महिलाओं और बच्चों समेत 32 जिंदगियां हमेशा के लिए काल के गाल में समा गई. सबसे बड़ा हादसा कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के भीतर गांव के पास हुआ. यहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई. इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक कोरथा गांव के निवासी एक मुंडन संस्कार में उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर गए हुए थे. पुलिस के मुताबिक लौटते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने शराब पी रखी थी. जब ट्रैक्टर-ट्राली  हादसे वाली जगह पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर एक तालाब में पलट गया. बताया जा रहा है कि सही समय पर मदद ना मिलने के कारण भी अधिकतर लोगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई. दूसरा हादसा कानपुर के चकेरी इटावा हाईवे पर हुआ, जहां एक पिकअप टेंपो को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी, इस हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया है. तीसरा बड़ा हादसा हुआ उत्तर प्रदेश के सीतापुर इलाके में, जहां शनिवार की देर रात ट्रैक्टर ट्राली और डीजल से भरे टैंकर के बीच भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही वाहनों में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 4 लोग बुरी तरह से झुलस गए, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. सीतापुर के एसपी सुशील घुले मैं मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शुगर फैक्ट्री के एथेनॉल भरे टैंकर की धान से भरे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई जिससे वह पलट गया और उन दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन ने आग पर नियंत्रण पा लिया है और सभी घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. 

 

अन्य खबरे