Breaking News

देश के अनेक हिस्सों में चक्रवात तूफ़ान ‘असानी’ का खतरा

08 May, 2022 618

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
देश के अनेक हिस्सों में गर्मी का भीषण प्रकोप देखने को मिल रहा है और इसी बीच यह खबर आई है कि 2022 का पहला चक्रवाती तूफान असानी अंडमान सागर से बंगाल की खाड़ी पहुंच चुका है। इसका असर आज शाम से दिखाई देना शुरू हो जाएगा। इसके बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 10 मई तक यह तूफान ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान तूफान के 125 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ने की संभावना है। उधर, मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान असानी का असर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा दिखने के आसार हैं। इसके अलावा बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा। मौसम विभाग की ओर से इन सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया जा चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान अपनी दिशा भी बदल सकता है। पहले इसके ओडिशा के तट से टकराने के संकेत मिल रहे थे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि तूफान फिलहाल बंगाल की खाड़ी में उच्च दवाब क्षेत्र में है और इसके ओडिशा तट के समानांतर बढ़ने की संभावना है। वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार शाम तक यह बंगाल के समुद्री तट से भी टकरा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल में 10 से 13 मई के बीच भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक जीके दास ने कहा है कि असानी के उत्तर-पश्चिम से चलने वाली गर्म हवाएं असानी की गति को धीमा कर सकती हैं। उन्होंने बताया चक्रवात नम हवाओं से ताकत खींचते हैं और अगर एक बार शुष्क और गर्म हवा इसमें प्रवेश कर जाती है तो इनकी गति धीमी हो जाती है। जमीन से टकराने के बाद चक्रवात की ताकत कम हो जाती है। ऐसे में लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति गंभीर होने की ज़रूरत है। 

अन्य खबरे