देश के मशहूर वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान का निधन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपनी अनोखी पत्रकारिता के लिए मशहूर वरिष्ठ टीवी पत्रकार कमाल खान की अप्रत्यशित निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है। बता दें कि शुक्रवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। कमाल खान के निधन पर तमाम राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कमाल खान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट कर कमाल खान के निधन पर शोक जताया। मायावती ने अपने ट्वीट में लिखा कि एनडीटीवी से जुड़े प्रतिष्ठित व जाने-माने टीवी पत्रकार कमाल खान की अचानक ही निधन के खबर अति-दुःखद तथा पत्रकारिता जगत की अपूर्णीय क्षति। उनके परिवार व उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे, ऐसी कुदरत से कामना। समाजवादी पार्टी की ओर से ट्वीट किया गया कि अत्यंत दुखद! एनडीटीवी के वरिष्ठ संवाददाता जनाब कमाल खान साहब का इंतक़ाल, अपूरणीय क्षति। दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन संवेदना। भावभीनी श्रद्धांजलि। गौरतलब है कि कमाल खान को पत्रकारिता में उनके बेहतरीन काम के लिए पत्रकारिता का सर्वश्रेष्ठ भारतीय पुरस्कार रामनाथ गोयनका अवार्ड भी मिल चुका था। इसके साथ ही भारत के राष्ट्रपति द्वारा गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से भी सम्मानित थे। कमाल खान रिपोर्टिंग करने के तरीके और विषयों की बारीक जानकारी को सरल शब्दों में पेश करने के लिए जाने जाते थे। in24 न्यूज़ परिवार की तरफ से कमाल खान को भावभीनी श्रद्धांजलि!