दो ट्रकों के भीषण टक्कर के बाद ड्राइवर-क्लीनर समेत चार ज़िंदा जले
संवाददाता/in24 न्यूज़
राजस्थान से मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। दरअसल, अजमेर जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। आदर्श नगर थाना इलाके में दो ट्रेलरों में हुई जबरदस्त टक्कर के बाद दोनों ही ट्रेलरों में भीषण आग लग गई। इस दौरान ट्रेलरों में सवार चार लोग जिंदा जलकर खाक हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आदर्श नगर के उप निरीक्षक कन्हैया लाल के अनुसार, चारों के शव अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय की शव गृह में रखे गए हैं। ट्रक के नंबरों के आधार पर पुलिस शिनाख्त कर रही है। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा राष्ट्रीय राज्यमार्ग संख्या 8 पर हुआ है। एक टाइल्स पाउडर से भरा हुआ ट्रेलर जयपुर से ब्यावर की ओर जा रहा था, लेकिन तभी यह अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से दूसरी ओर जा पहुंचा। इसी दौरान ब्यावर से जयपुर की ओर एक ट्रेलर आ रहा था, जो मार्बल की थप्पियों से भरा। ऐसे में अचानक दोनों ट्रेलरों की टक्कर हो गई। दोनों ट्रेलरों की टक्कर होते ही आग लग गई। ऐसे में ट्रेलर के चालक और परिचालक इसी में फंसे रह गए। हालांकि, इसमें सवार एक स्टाफ ने ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि अन्य 4 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे राजमार्ग पर जाम लग गया। यह हादसा इतना भयानक था कि इलाके के लोग बुरी तरह से सदम गए हैं।