पंजाब में बिजली कटौती से नाराज़ किसानों ने नेशनल हाईवे किया जाम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बिजली के महासंकट से परेशान होकर भारतीय किसान यूनियन द्वारा जालंधर नैशनल हाइवे जाम कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक कोयले की कमी से पंजाब में पैदा हुए बिजली संकट से किसान भड़क उठे हैं। इसके विरोध में भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम करने पहुंच गई है। यह जाम जालंधर से लुधियाना जाते हुए रास्ते में मैकडोनाल्ड के पास लगाया गया है। इसके साथ ही किसान पीएपी चौक पर भी प्रदर्शन करेंगे। यह जाम कितनी देर तक रहेगा, इसको लेकर किसान नेताओं ने कुछ स्पष्ट नहीं किया है। गौरतलब है कि जालंधर से दिल्ली जाने वाला रास्ता बंद रहेगा साथ ही साथ लुधियाना से जालंधर-अमृतसर से जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा। उनका कहना है कि जब तक पंजाब सरकार या बड़े अफसर कोई ठोस हल नहीं निकालते, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। बीकेयू (राजेवाल) के जिला प्रधान मनदीप समरा, मुख्य प्रवक्ता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला और जिला यूथ प्रधान अमरजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं करवा रही है जिसकी वजह से किसानों को फसल की बिजाई में दिक्कत हो रही है। इस जाम से इतना तय है कि आवागमन करनेवालों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पद सकता है।