पाकिस्तानी ड्रोन को सेना ने मार गिराया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा. उसके द्वारा भेजे गए एक कॉडकॉप्टर ड्रोन को सीमा रेखा पर भारतीय सेना ने मार गिराया है. पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप का यह कॉडकॉप्टर चीन में निर्मित है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान का यह ड्रोन सुबह 8 बजे भारतीय सीमा के ऊपर मंडराता दिखा, इसके बाद भारतीय सेना ने निशाना लगाकर उसे मार गिराया. भारतीय सेना द्वारा निशाना लगाए जाने के बाद यह कॉडकॉप्टर एलओसी पर 70 मीटर अंदर भारत की तरफ आकर केरन सेक्टर में गिरा. इस कॉडकॉप्टर को चीनी कंपनी डीजेआई ने बनाया है. बताया जा रहा है कि कॉडकॉप्टर का मॉडल मैपिक 2 प्रो है. एएनआई ने इसकी एक तस्वीर जारी की है. सीमा पार से हथियारों और गोला-बारूद को ड्रोन के जरिए गिराना एक नया तरीका है, जिसके जरिए सीमा पार से आतंकवादियों के हैंडलर्स उनके लिए ये सामान भेज रहे हैं। पाकिस्तान की ओर से अनमैन्ड एरियल वीकल्स का इस्तेमाल सर्विलांस और आतंकियों को हथियार पहुंचाने के लिए होता रहा है। गौरतलब है कि पाकिस्तान लगातार भारत में आतंकी गतिविधियों को जारी रखने के लिए हथियार की सप्लाई करना चाहता है. पाकिस्तान लगातार आतंकियों को पंजाब, जम्मू और राजस्थान के रास्ते भारत में भेजने की कोशिश में लगा हुआ है. ये आतंकी घाटी में हथियार सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं. इसी क्रम में अब आसमान के रास्ते ड्रोन के सहारे पाकिस्तान हथियार सप्लाई करना चाहता है. ड्रोन से हथियार भेजकर पाकिस्तान घाटी में उथल-पुथल लाने की कोशिश में लगा हुआ है. इस काम में चीन उसकी मदद कर रहा है. चीन टेक्नोलॉजी से परिपूर्ण अपने ड्रोन का बेजा इस्तेमाल भारत के खिलाफ करने की फिराक में है. भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की इससे लगातार चिंता बढ़ रही है. इससे पहले भी घाटी में हथियारों के जखीरे पकड़े जा चुके हैं. घाटी में पाकिस्तान से आए कई हथियार बरामद हो चुके हैं, जिनमें यूएस की कार्बाइन के अलावा चीनी हथियार भी शामिल हैं. 8 अगस्त को पहली बार घाटी में चीनी हथियार बरामद किया गया था. इसके बाद अब तक 142 राइफल, 2 एम-16, 5 यूएस कार्बाइन, दो पीका, 2 चीनी हथियार क्यूबीजेड, 6 इंसास, दो स्नाइपर राइफल, 172 पिस्टल और 11 एसएलआर बरामद किए जा चुके हैं. लगातार चेतावनी के बआवजूद पाकिस्तान सुधरने का नाम नहीं ले रहा है.