पीएम मोदी ने किया ऐतिहासिक राम मंदिर का भूमि पूजन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज का दिन रामभक्तों के लिए ऐतिहासिक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुधवार को अयोध्या स्थित रामजन्म भूमि स्थल पहुंचने और मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन करने के साथ पांच अगस्त की तारीख इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। राम नगरी अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन का समय एक ऐसा ऐतिहासिक पल था, जिसे भारतीय राजनीति के सर्वोत्तम से भी उत्तम क्षण के रूप में रेखांकित किया जाएगा। वाराणसी और अयोध्या के पंडितों द्वारा आयोजित इस भूमि पूजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।पीएम मोदी ने पूजा की विधिवत सभी रस्में निभाईं। भूमि पूजन के लिए खोदे गए गड्ढे में विभिन्न धार्मिक स्थानों से लाई गई पवित्र मिट्टी और 151 नदियों के जल को चढ़ाया गया। इस दौरान आरएसएस प्रमुख, उप्र के मुख्यमंत्री और राज्यपाल कुछ दूरी पर बैठे रहे। वीएचपी नेता दिवंगत अशोक सिंघल के भतीजे सलिल सिंघल और उनकी पत्नी भी समारोह में उपस्थित थे। भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने संबोधित किया. उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपस्ठित लोगों को संबोधित किया. पीएम मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि करोड़ों राम भक्तों को मैं बधाई देता हूं. साथ ही उन्होंने राम के व्यक्तित्व पर भी प्रकाश डाला और जय सिया राम के नारे भी लगवाए।