Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का उद्घाटन

10 Feb, 2023 859

ब्यूरो रिपोर्ट/in24 न्यूज़    

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे फेस 1 का उद्घाटन करेंगे. जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-मुंबई ग्रीनफील्ड एक्स्प्रेसवे के प्रथम फेज में सोहना से दोसा जिले के बड़  का पाड़ा तक एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे. माना जा रहा है कि सबसे बड़े राजमार्गों में से एक होने की वजह से Delhi Mumbai Expressway भारत के विभिन्न राज्यों के बीच रोड कनेक्टिविटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. केंद्र सरकार ने एक्सप्रेसवे को कोटा में आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (Agra-Gwalior Greenfield Expressway) से जोड़ने का फैसला किया है. बताया जा रहा है कि आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे को इटावा में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे और लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस वे से भी जोड़ा जाएगा. दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के इस जुड़ाव से दिल्ली और ग्वालियर के बीच यात्रा का समय चार घंटे तक कम करने में मदद मिलेगी. दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे जेवर में आगामी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ जाएगा. लिंक रोड फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास व डीएनडी फ्लाईवे का भी लिंक होगा. एक्सप्रेस वे के किनारे लगभग 93 स्थानों पर होटल, ATM, फूड कोर्ट, बर्गर किंग, सबवे, मैकडोनाल्ड जैसे सिंगल-ब्रांड फूड, रिटेल शॉप, ईंधन स्टेशन और साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं होंगी. मुंबई दिल्ली एक्सप्रेस वे पहला ऐसा एक्सप्रेस वे होगा जिसमें दुर्घटना के शिकार यात्रियों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने हेतु हर 100 किमी पर पूरी तरह से सुसज्जित ट्रॉमा सेंटर और हेलीपैड उपलब्ध होंगे. एक्सप्रेस वे हरियाणा के गुड़गांव से शुरू होकर राजस्थान के जयपुर और सवाई माधोपुर से होकर गुजरेगा. आखिरी में इसका मध्य प्रदेश में रतलाम और गुजरात के वड़ोदरा से होकर महाराष्ट्र के मुंबई में समापन होगा. जानकारी के मुताबिक दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेस वे जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, उज्जैन, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वड़ोदरा और सूरत जैसे महत्वपूर्ण शहरों को कवर करेगा. हरियाणा के सोहना दोसा बड़ का पाड़ा तक तकरीबन 246 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस वे में करीब 17 हजार करोड़ का खर्च आया है. जानकारी के मुताबिक मोदी धनावड़ गयंद के एनएचआई के बनाए गए रेस्ट एरिया में जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई एक्सप्रेस वे के सोहना दौसा खंड का उद्घाटन करने जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक इस रूट के जरिए जयपुर और दिल्ली के बीच का सफर करीब दो घंटे कम हो जाएगा. दिल्ली से जयपुर का सफर लगभग 270 किलोमीटर है, जिसमें करीब साढ़े पांच घंटे लगते हैं. इस एक्सप्रेस वे के बाद लोगों को काफी राहत मिलने वाली है. NHAI के इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय  सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के सीएम मनोहरलाल खट्टर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, दौसा की लोकसभा सांसद जसकौर मीणा, राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा समेत कई विधायक और जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे.  

अन्य खबरे