भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 85 लाख के पार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का संकट अब भी बरकरार है. पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 45,674 नए मामले सामने आए. इस दौरान 559 लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही देश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 85 लाख के पार पहुंच गई है. अब तक 85 लाख 07 हजार 754 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान 559 लोगों की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस के प्रकोप में आकर मरने वालों की संख्या 1,26,121 पर पहुंच गई है. पिछले 24 घंटों के दौरान 3,967 केसों में कमी दर्ज की गई. इसके साथ ही देश में एक्टिव केसों की संख्या अभी फिलहाल 5,12,665 है. अब तक 78,68,968 लोग ठीक होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं.स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान 49,082 लोग कोरोना वायरस से ठीक होकर अपने घर वापस लौटे हैं. अब तक देश में 11 करोड़ 77 लाख 36 हजार 791 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है. 7 नवंबर को 11 लाख 94 हजार 487 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है. नवंबर के पहले हफ्ते पिछले सात दिनों में दो बार कोरोना संक्रमितों की संख्या एक दिन में 50 हजार से ऊपर गई है. जबकि आज को मिलाकर पांच बार संख्या 45 हजार के पार रही है. 5 नवंबर को देशभर में कोरोना वायरस के 50,210 नए मरीज सामने आए थे. इसके बाद 7 नवंबर यानि एक दिन पहले कोरोना संक्रमितों की संख्या एक दिन में 50,356 दर्ज की गई. आज फिर नए मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है. बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में दो दिन पहले रिकॉर्ड 7000 से ज्यादा नए मरीज सामने आए थे. दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है. त्योहारी सीजन के दौरान देश की राजधानी में आ रहे कोरोना वायरस के मामले काफी डराने वाले हैं और ऐसे में इससे बचने के उपाय ही सही तरीका हो सकता है.