मणिपुर में महिलाओं से हैवानियत पर बोले पीएम, कहा- मेरा हृदय पीड़ा से भरा, गुनहगार बख्शे नहीं जाएंगे
मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद देशभर में गुस्सा है. लोग दरिंदगी की सारी हदों को पार कर महिलाओं से दुराचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा मणिपुर पर मेरा हृदय पीड़ा और क्रोध से भरा है. पीएम ने कहा कि मणिपुर की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली है. पाप करने वाले, गुनाह करने वाले कितने हैं कौन हैं, वे अपनी जगह पर हैं. लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है. इस घटना के कारण 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है. पीएम ने कहा, मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे अपने राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करें. खासकर हमारी माताओं और बहनों की सुरक्षा के के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं. घटना चाहे राजस्थान की हो, छत्तीसगढ़ की हो या मणिपुर की हो. इस देश में हिंदुस्तान के किसी भी कोने में किसी भी राज्य सरकार में राजनीति से ऊपर उठकर के कानून व्यवस्था महत्व और नारी सम्मान होना चाहिए. पीएम ने कहा कि मैं देशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि इस घटना के किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा. कानून अपनी पूरी शक्ति से एक के बाद एक कदम उठाएगा. मणिपुर में जो बेटियों के साथ हुआ है, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता.