Breaking News

महात्‍मा गांधी के पोते अरुण मणिलाल का निधन

02 May, 2023 844

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज महाराष्ट्र के कोल्हापुर (Kolhapur) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) के पौत्र अरुण मणिलाल गांधी (Arun Manilal Gandhi) का निधन हो गया। अरुण गांधी के पुत्र तुषार गांधी (Tushar Gandhi) ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बताया गया है कि 89 वर्षीय अरुण गांधी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। तुषार गांधी ने बताया है कि उनके पिता का अंत्‍येष्टि संस्‍कार कोल्हापुर में आज ही किया जाएगा। गौरतलब है कि महात्मा गांधी के पौत्र अरुण गांधी मणिलाल गांधी के पुत्र हैं। अरुण गांधी का जन्म 14 अप्रैल 1934 को साउथ अफ्रीका के डरबन में हुआ था। महात्‍मा गांधी के दूसरे बेटे मणिलाल गांधी डरबन के समाचार पत्र इंडियन ओपिनियन के एडिटर रहे, जबकि उनकी (मणिलाल गांधी) पत्‍नी इसी समाचार पत्र में पब्लिशर थीं। अरुण गांधी ने पिता से सीख लेकर बाद में अपने दादा के आदर्शों पर चलने का फैसला लिया और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर बतौर कार्यकर्ता काम करना शुरू किया। अरुण गांधी के नाम कुछ उपलब्धियां भी हैं। उन्‍होंने अपने जीवन में कुछ किताबें भी लिखी हैं। जिनमें ‘द गिफ्ट ऑफ एंगर: एंड अदर लेसन्स फ्रॉम माई ग्रैंडफादर महात्मा गांधी’ प्रमुख है। अरुण गांधी अपने परिवार के साथ वर्ष 1987 में अमेरिका में रहने चले गए थे। यहां उन्होंने टेनेसी राज्य के मेम्फिस में काफी समय गुजारा। यहीं की क्रिश्चियन ब्रदर्स यूनिवर्सिटी में अरुण गांधी ने अहिंसा से जुड़े एक संस्थान की भी स्थापना की। इनके निधन से गांधी परिवार में शोक का माहौल है।

अन्य खबरे