Breaking News

महाराष्ट्र में भारी बारिश से 2 दिनों में 136 लोगों ने गंवाई जान

24 Jul, 2021 734
संवाददाता/in24 न्यूज़।
 
महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलधार बारिश राज्य के लोगों पर कहर बनकर टूटी है। पिछले दो दिनों में तेज़ बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई है। बारिश से जुड़ी घटनाओं और भूस्खलन में दो दिनों में 136 लोगों ने अपनी जान गवाई है। अभी भी कई लोग फंसे हुए है। बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगोंको सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अलावा नौसेना ने भी मोर्चा संभाल रखा है। आपको यह बता दें कि बारिश और बाढ़ की वजह से बुरी तरह प्रभावित सतारा, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सांगली और कोल्हापुर जिलों से सात हजार से अधिक लोगों को बचाया गया है। पुणे मंडल के तहत 84,452 लोगों को शुक्रवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। महाराष्ट्र की उद्धव सरकार की ओर से 'अभूतपूर्व' बताई जा रही बारिश का कहर राज्य में जारी है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि अगले 2 दिन बेहद अहम हैं। दो दिनों में 136 मौतों के अलावा महाराष्ट्र के कई गांवों का प्रमुख इलाकों से संपर्क टूट गया है। राज्य में सेनाओं की मदद से बड़े स्तर पर बचाव कार्य चल रहा है। एनडीआरएफ कर्मियों ने भारी बारिश के बाद राहत अभियान के हिस्से के रूप में भोजन वितरण कर रहे हैं। बता दें कि चिपलून के कोविड-19 अस्पताल में बारिश का पानी भर गया है। जिस कारण अस्पताल में भर्ती 8 लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ है। पोलादपूर तालुका के गोवेले पंचायत में भूस्खलन से 10 से ज्यादा घर प्रभावित हुए। मौके से 6 शव बरामद किए और 10 लोगों को बचाया गया। सतारा के डीएम शेखर सिंह ने कहा कि पाटन में कई जगहों पर भूस्खलन के बाद 30 लोग लापता हैं और 300 लोगों को बचा लिया गया है। 2 वाई में डूबे और 820 लोगों को कराड में बचाया गया है। कोल्हापुर के अभिभावक मंत्री सतेज पाटील ने कहा है कि कोल्हापुर की स्थिति बहुत ही ज्यादा खराब है। लगभग 300 गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। महाराष्ट्र में बचाव कार्य के लिए इंडियन आर्मी, नौसेना, वायुसेना, तटरक्षक, नेशनल रेस्क्यू डिफेंस फोर्स और स्टेट रेस्क्यू डिफेंस फोर्स तैनात है। रायगढ़ जिले में फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट किया गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र सरकार ने भूस्खलन में मरने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक मदद का ऐलान किया है। महाराष्ट्र सरकार की तरफ से 5 लाख और केंद्र ने 2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

अन्य खबरे