Breaking News

महिला पुलिसकर्मियों की हेयर स्टाइल पर रोक

31 Aug, 2021 810

संवाददाता/in24 न्यूज़
पंजाब के होशियारपुर जिले में महिला पुलिस कर्मचारियों के अलग-अलग हेयर स्टाइल बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह आदेश हाल ही में एसएसपी का पद संभालने वाली अमनीत कौंडल ने जारी किए हैं। इस बाबत बाकायदा एक सर्कुलर भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि सभी महिला कर्मचारियों को समरूप रहना होगा और इसके लिए उन्हें अलग-अलग तरह के हेयर स्टाइल न बनाकर सिंपल जूड़ा करके उस पर जाली भी लगानी होगी। जारी किए गए आदेशों में चेतावनी भी दी गई है कि कोई महिला अगर आदेशों का पालन नहीं करती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सर्कुलर में कहा गया है कि अक्सर महिला पुलिस कर्मचारी अपनी वर्दी को निर्धारित पैटर्न के मुताबिक नहीं पहनती हैं। अलग-अलग हेयर स्टाइल के कारण महिलाओं की यूनिट समरूप भी नहीं दिखती हैं, इसलिए महिलाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे वर्दी को निर्धारित पैटर्न पर ही पहनें। अक्सर यह देखा गया है कि थानों में वर्दी डाले हुए पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में अक्सर अंतर दिखाई देता है। वर्दी को पहनने का पैटर्न सभी पर लागू होता है। पुलिसकर्मियों को ऑफिस के अलावा फील्ड में भी काम करना होता है इसलिए अब इन बातों की ओर ज्यादा ध्यान भी नहीं दिया जाता है, जबकि पुलिस फोर्स में यूनिफॉर्म कोड अनुशासन का एक हिस्सा है। अमनी कौंडल द्वारा जारी किए गए आदेशों को जिले के सभी थानों और चौकियों में भिजवा दिया गया है। इसके बाद यदि कोई महिला कर्मचारी औचक निरीक्षण के दौरान दोषी पाई जाती है तो उसे कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। गौरतलब है कि 2012 बैच की आईपीएस अमनीत कौंडल ने 21 अगस्त को ही होशियारपुर में बतौर एसएसपी चार्ज संभाल लिया है। एसएसपी ने बताया कि साल 2013 में वे कुछ समय के लिए होशियारपुर में अंडर ट्रेनिंग तैनात रही हैं। चार्ज संभालते ही कौंडल ने जिले के लोगों को साफ कर दिया है कि उनका लक्ष्य पब्लिक की शिकायतें दूर करना है और साथ ही जिले में कानून व्यवस्था हर हाल में कायम बनाए रखना है।

अन्य खबरे