मां की फोटो के लिए पीएम मोदी ने तोडा प्रोटोकॉल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपनी मां को प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी कितना चाहते हैं यह इसी से समझा जा सकता है कि उन्होंने मंगलवार को शिमला में अपनी मां की फोटो के लिए उच्च सुरक्षा सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़ दिया। दरअसल प्रधानमंत्री ने रोड शो के दौरान एक लड़की के पास उनकी मां की पेंसिल से बनी तस्वीर देखी, जिसके बाद लड़की से मिलने के लिए उन्होंने अपने काफिले को रोकने के लिए कहा। गरीब कल्याण सम्मेलन में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश की राजधानी में मौजूद मोदी ने हाथ से उनकी मां का चित्र बनाने के लिए लड़की को धन्यवाद दिया। लड़की ने पीएम मोदी के पैर छुए और पूछने पर बताया कि वह शिमला की रहने वाली है। लड़की ने मोदी से कहा कि मैंने आपका भी चित्र बनाया है। शिमला की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री का लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की और मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाए। बता दें कि हाल ही पीएम मोदी की मां हीराबेन ने अपने जीवन के सौ वर्ष पूरे किये हैं।