रसोई गैस और दूध की बढ़ती कीमतों से महंगाई का डबल अटैक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महंगाई से परेशान आम आदमी की परेशानी अब दुगुनी हो गई है। देश में घरेलू गैस सिलेंडर (domestic gas cylinder) के दाम बढ़ने से आम जनता की जेब पर भारी असर हुआ है। वहीं अब मुंबईवासियों पर आज महंगाई का डबल अटैक हुआ है। पहले सरकारी तेल कंपनियों ने रसोई गैस के दाम बढ़ाए और अब दूध की कीमतों में भी उबाल आया है। मुंबई में बुधवार एक मार्च, 2023 से दूध के दाम पांच रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ (MMPA) ने भैंस के दूध की कीमतों में एकमुश्त पांच रुपए की बढ़ोत्तरी की है। इससे पहले सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस के दाम 50 रुपए बढ़ा दिए थे। MMPA की ओर से आज सुबह जारी रेट के मुताबिक, मुंबई में अब एक लीटर भैंस का दूध खरीदने के लिए 85 रुपए खर्च करने पड़ेंगे, जो अभी तक 80 रुपये में मिलता था। नई दरें 31 अगस्त, 2023 तक जारी रहेंगी और इसके बाद एसोसिएशन एक बार फिर कीमतों की समीक्षा करेगा। मुंबई में दूध की कीमतों में सितंबर, 2022 के बाद यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। मुंबई में दूध की कीमत जिस तेजी से बढ़ रही है, यह आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा। आलम ये है कि पिछले छह महीने में ही यहां दूध की कीमत करीब दस रुपए लीटर बढ़ चुकी है। पहले सितंबर में ही पांच रुपए दाम बढ़ाए गए थे। तब भैंस का दूध 75 रुपए से बढ़कर 80 रुपए लीटर हो गया था। आज हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद दूध की कीमत 85 रुपये हो गई है। दूध के दाम में अचानक आई इस बढ़ोतरी से गरीब और मध्य वर्ग परिवारों का बजट बिगड़ गया है। मुंबई में भैंस ही नहीं गाय का दूध भी महंगा हुआ है। फरवरी में महाराष्ट्र के सभी प्रमुख गाय दूध उत्पादक संघों के साथ ब्रांडेड उत्पादकों ने भी प्रति लीटर दो रुपए दाम बढ़ा दिए थे। दूध उत्पादकों का कहना है कि दुधारू पशुओं की कीमत तो बढ़ ही रही, उनके चारे और दाना, तुवर, चूनी, चना आदि की कीमतों में भी 25 फीसदी तक उछाल आ चुका है। यही कारण है कि हमें दूध की कीमतों को भी बढ़ाना पड़ रहा। मुंबई में रोजाना 50 लाख लीटर से ज्यादा भैंस के दूध की खपत हो रही।दूध के दाम बढ़ने का असर सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे बनने वाले उत्पादों पर भी पड़ता है। अनुमान है कि आने वाले समय में दूध के प्रोडक्ट जैसे दही, घी और पनीर की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हो सकता है। इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध की कीमतों में दो रुपए लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। बता दें कि इस बढ़ती महंगाई से आम आदमी की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।