राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद ने अपने हाथों से सिला मास्क
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आम हो या ख़ास कोरोना ने हर किसी को प्रभावित किया है. लॉकडाउन के बीच भारत की प्रथम महिला सविता कोविंद भी कोरोना कर्मवीरों की श्रेणी में आ गई हैं। महामहिम की पत्नी राष्ट्रपति भवन में ही खुद अपने हाथों मास्क सिल रही हैं। राष्ट्रपति भवन के शक्ति हाट में सिलाई मशीन पर खुद बैठ कर राष्ट्रपति की पत्नी ने मास्क सिले। सविता कोविंद की सादगी ने हर किसी को प्रभावित किया। मास्क सिलते वक्त भी वो मास्क पहने नजर आईं। राष्ट्रपति भवन में सिले गए मास्क विभिन्न शेल्टर होम्स में भेजे जाएंगे। महामहिम की पत्नी ने जो संदेश दिया है उसने घर में बैठी करोड़ों महिलाओं को प्रोत्साहित किया है। उन्हें भी अब लगने लगा है कि लॉकडाउन के समय का वे भी सदुपयोग कर सकती हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बाजार से खरीदे मास्क की जगह घर में हाथ से सिले मास्क कवर को तरजीह देने की अपील की थी। बाजार में तीन लेयर वाले सर्जिकल मास्क, एन -95 मास्क व कपड़े के बने मास्क मिल रहे हैं जिसकी कीमत आसमान छू रही है। ऐसे में घर पर बने मास्क आपकी उद्यमिता को बढाती है। साथ ही लॉकडाउन में खाली वक्त का सदुपयोग भी आप कर सकती हैं।