लॉकडाउन का सख्ती से पालन हो : अमित शाह
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है. इस मीटिंग में देश के गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे. गृहमंत्री ने इस दौरान राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने की बात कही. अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि जहां-जहां भी लॉकडाउन को तोड़ने की घटनाएं हो रही हैं उन्हें तुरंत रोकने का प्रयास किया जाए. उन्होंने कहा कि दुनियाभर में दो लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है, हालांकि दुनिया के अन्य देशों की अपेक्षा हमारी स्थिति अच्छी है. इस कारण लॉकडाउन का कड़ाई से पालन हो. अमित शाह ने कहा कि कोरोना वायरस से हमारी लड़ाई काफी लंबी है, इस खतरनाक बीमारी से हमें धैर्यपूर्वक लड़ना है. उन्होंने बताया कि हमने सावधानीपूर्वक ट्रेड और इंडस्ट्री को कुछ छूट दी है. देश के गृहमंत्री ने गृह मंत्री ने राज्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जान भी, जहान भी के मार्गदर्शन पर आगे बढ़ने को कहा. इससे पहले 20 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ पहली बैठक हुई थी. इस बैठक में आठ राज्यों ने वायरस के नियंत्रण, चिकित्सा बुनियादी ढांचे के उन्नयन और स्थानीय स्वास्थ्य संसाधनों के प्रशिक्षण पर ध्यान दिलाया था. फिर 2 अप्रैल को पीएम मोदी के साथ राज्यों की मुख्यमंत्रियों की दूसरी बैठक हुई थी. इसमें 8 राज्यों ने लॉकडाउन के एक्जिट प्लान की रणनीति पर बात की थी.