वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज गुजरात के अहमदाबाद (Ahmedabad) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और कालूपुर स्थित अहमदाबाद स्टेशन तक यात्रा भी की। पीएम मोदी सुबह गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पहुंचे जहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने स्टेशन पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत लगे हथकरघा एवं हस्तशिल्प स्टाल पर महिला उद्यमी से बात की। इसके बाद रेल मंत्री प्रधानमंत्री को वंदे भारत एक्सप्रेस के ड्राइवर केबिन में लेकर गये और ट्रेन के संचालन संबंधी जानकारी दी। पीएम मोदी ने गाड़ी के कोच में सीटिंग की व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। रेल मंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस में पहली बार इस्तेमाल हो रहे एयर सस्पेंशन को भी दिखाया। इसके बाद मोदी, वैष्णव एवं अन्य मेहमानों ने हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन कुछ दूर चल कर रुकी और फिर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य महत्वपूर्ण अतिथि गाड़ी में सवार होकर अहमदाबाद स्टेशन तक गए। इसी के साथ रेलवे में एक और विशेष ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का शुमार हो गया।