Breaking News

संसद पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद सुरक्षाकर्मियों को पीएम मोदी और अमित शाह की श्रद्धांजलि

13 Dec, 2020 623

संवाददाता/in24 न्यूज़।  
आज ही के दिन संसद पर 2001 में आतंकी हमला हुआ था, जिसकी आज बरसी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने 13 दिसंबर 2001 को संसद पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को रविवार को श्रद्धांजलि दी। कहा कि भारत अपनी संसद पर हुए कायराना हमले को कभी नहीं भूलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि हम हमारी संसद पर आज ही की तारीख में 2001 में हुए कायराना हमले को कभी नहीं भुलाएंगे। हम हमारी संसद की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाने वालों के बलिदान एवं बहादुरी को याद करते हैं। हम हमेशा उनके शुक्रगुजार रहेंगे। पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों के आतंकियों के हमले में आठ सुरक्षाकर्मियों समेत नौ लोगों ने जवान गंवाई थी। सुरक्षा बलों ने सभी पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत बढ़ गया था। वहीं देश के गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि 2001 में लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में दुश्मनों से लोहा लेते हुए अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले मां भारती के वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। कृतज्ञ राष्ट्र आपके अमर बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। गौरतलब है कि लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकवादियों ने 19 साल पहले आज ही के दिन संसद पर हमला करते हुए गोलीबारी की थी जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में सभी आतंकवादी मारे गए थे। इसके अलावा आतंकियों की गोलीबारी में जान गंवाने वालों में दिल्ली पुलिस के पांच जवान, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक महिलाकर्मी, संसद परिसर में तैनात एक वॉच एंड वार्ड कर्मचारी और एक माली शामिल थे। गोलीबारी में एक फोटो पत्रकार की भी मौत हो गई थी। लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर पर हमला देश कभी नहीं भूल पाएगा।

अन्य खबरे