Breaking News

50 हज़ार करोड़ की गरीब कल्याण रोजगार योजना लॉन्च

20 Jun, 2020 786

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
देश के गरीबों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गरीब कल्याण रोज़गार अभियान की शुरुआत की, जिसमें लॉकडाउन के दौरान घरों को लौटे लाखों प्रवासी कामगारों के लिए रोजगार सृजित करने के लिए 50 हज़ार करोड़ रुपये दिए गए हैं. इस अभियान को छह राज्यों के 116 जिलों में शुरू किया जाएगा, जिनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा शामिल हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि छह लाख से ज्यादा गांवों वाला देश भारत जहां की दो तिहाई से ज्यादा आबादी लगभग 80-85 करोड़ लोग गांवों में रहते हैं. उस ग्रामीण भारत ने कोरोना संक्रमण को बड़े प्रभावी तरीके से रोका है. ये जनसंख्या यूरोप के सारे देशों को मिला दें तो भी उससे ज्यादा है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ग्राउंड पर काम करने वाले हमारे साथी, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी वर्कर और आशा वर्करों ने बहुत बेहतरीन काम किया है और ये सभी वाहवाही के पात्र हैं. कोई आपकी पीठ थपथपाए या न थपथपाए पर मैं आपकी जय जयकार करता रहूंगा. मैं ऐसे ग्राम सेवकों को आदरपूर्वक नमन करता हूं. पीएम ने कहा कि मैंने मीडिया में उन्नाव जिले की एक खबर देखी थी जिसमें एक क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटाइन हुए मेरे श्रमिक भाईयों ने अपने कौशल का इस्तेमाल करते हुए रंगाई-पुताई कर उस स्कूल का हुलिया बदल दिया. उससे मुझे आइडिया मिला, वहीं से इस योजना (गरीब कल्याण रोजगार अभियान) का जन्म हुआ .पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत पैकेज में किसानों की फसल रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज बनें, किसानों को सीधे बाज़ार से जोड़ा जाए, इसके लिए भी एक लाख करोड़ के निवेश की घोषणा की गई है. जब किसान बाज़ार से जुड़ेगा, तो अपनी फसल को ज्यादा दामों पर बेचने के रास्ते भी खुलेंगे. उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण रोज़गार अभियान से आपके इस आत्मसम्मान की सुरक्षा भी होगी और आपके श्रम से आपके गांव का विकास भी होगा. आज आपका ये सेवक और पूरा देश, इसी सोच के साथ, इसी संकल्प के साथ आपके मान और सम्मान के लिए काम कर रहा है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि गरीब कल्याण रोज़गार अभियान के तहत आपके गांवों के विकास के लिए आपको रोजगार देने के लिए 50 हज़ार करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं. इस राशि से गांवों में रोजगार के लिए विकास के कामों के लिए करीब 25 कार्यक्षेत्रों की पहचान की गई है.

अन्य खबरे