चलती में बस लगी भीषण आग, जिंदा जले पांच यात्री |
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां एक बस में लगी भीषण आग की चपेट में आने से पांच यात्री जिंदा जल गए हैं। बताया जा रहा है कि लखनऊ के किसान पथ पर ये दर्दनाक हादसा हुआ है। दरअसल चलती एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से 2 बच्चों, 2 महिलाओं और 1 पुरुष की जलकर मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक बस में करीब 80 यात्री सवार थे और ये बस बिहार से राजधानी दिल्ली जा रही थी। हादसा सुबह करीब 5 बजे उस वक्त हुआ जब बस मोहनलालगंज के पास किसान पथ पर थी। चश्मदीद यात्रियों के मुताबिक, बस में पहले धुंआ भरने लगा और कुछ ही पलों में आग की तेज लपटें उठने लगीं।
बता दें कि हादसे के वक्त अधिकतर यात्री नींद में थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही आग लगी, बस का ड्राइवर और कंडक्टर बस से कूदकर फरार हो गए। ड्राइवर की सीट के पास एक अतिरिक्त सीट लगी थी, जिससे यात्रियों के नीचे उतरने में दिक्कत हुई। इस दौरान कई यात्री फंसकर नीचे गिर गए और बाहर नहीं निकल सके। आग लगते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं जब बचाव दल अंदर पहुंचा, तो उन्हें 5 यात्रियों के जले हुए शव मिले। पुलिस ने बताया कि कई अन्य यात्री घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने पाया कि बस का आपातकालीन निकास द्वार नहीं खुला, जिसके कारण पीछे बैठे यात्री बस के अंदर फंस गए। फिलहाल, आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
लखनऊ में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के आदेश भी दिए गए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस ड्राइवर व कंडक्टर की तलाश में जुट गई है। वहीं प्रशासन ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।