केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश: सात की मौत, AAIB करेगी जांच
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। श्री केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा आर्यन एविएशन का बेल 407 हेलिकॉप्टर (VT-BKA) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक दो साल का बच्चा भी शामिल है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इस पूरे मामले की जांच करेगा। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के बाद एहतियातन अगले आदेश तक केदारनाथ रूट की सभी हेलिकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीन लोग महाराष्ट्र से थे। हादसा बेहद दर्दनाक था और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से राहत कार्यों में सक्रिय है।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर दुर्गम पहाड़ी इलाकों में हवाई सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।